रुद्रपुर: उत्तराखंड के चर्चित रुद्रपुर गैंगरेप मामले में फरार चल रहे तीनों मुख्य आरोपियों को पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को मौके से ही दबोच लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘अपराध मुक्त देवभूमि’ अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पुलिस टीमों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिलेभर में लगातार दबिश, सर्विलांस और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

वाहन चेकिंग के दौरान हुआ आमना-सामना

सोमवार देर रात बगवाड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र में पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर उनकी घेराबंदी की।

पुलिस का आरोप है कि खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

अवैध तमंचे और कारतूस बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि गैंगरेप मामले के अलावा आरोपियों के खिलाफ पुलिस पर फायरिंग, शस्त्र अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में भी अलग से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर लिया घटनाक्रम का जायजा

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी अजय गणपति जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ की। उन्होंने विवेचना अधिकारियों को मामले की जांच में तेजी लाने, सभी वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाने और अदालत में मजबूत चार्जशीट पेश करने के निर्देश दिए।

एसएसपी अजय गणपति ने क्या कहा?

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि सघन चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपी गैंगरेप मामले में वांछित थे और उनकी तलाश सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस की मदद से की जा रही थी।

जांच अंतिम चरण में

पुलिस का कहना है कि गैंगरेप मामले के तीनों मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब जांच अंतिम चरण में है। घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी। वहीं, पुलिस पर फायरिंग और अवैध हथियार रखने के मामले में भी आरोपियों के खिलाफ अलग से कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *