DSAT Scholarship Ad

एफएनएन, रुड़की: हरिद्वार-रुड़की हाईवे पर दौड़ रही बस के चालक की अचानक तबीयत बिगड़ गई. जिससे बस अनियंत्रित होकर एक क्लीनिक में जा घुसी. इस हादसे में बस में सवार कुछ यात्री घायल हो गए. वहीं, बस चालक की समझदारी से एक बड़ा हादसा होने से टल गया. गनीमत रही कि अन्य कोई जनहानि नहीं हुई. वहीं, घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

डेंटल क्लीनिक में जा घुसी बस: जानकारी के मुताबिक, रुड़की बस स्टैंड से हरिद्वार की तरफ जाने वाले हाईवे पर एक बड़ा हादसा होने से टल गया. जहां पर एक निजी बस सड़क पर चलने के बजाय साइड में बने क्लीनिक में घुस गई. बताया जा रहा है कि बस रुड़की से हरिद्वार की तरफ जा रही थी. जैसे ही बस हरिद्वार हाईवे पर मैथोडिस्ट गर्ल्स कॉलेज के पास पहुंची, वैसे ही अचानक से चालक की तबीयत बिगड़ने लगी. हालांकि, चालक ने हिम्मत और हौसला दिखाते हुए बस को कंट्रोल करने का प्रयास किया, लेकिन बस एक डेंटल क्लीनिक में जा घुसी.

अनेक यात्रियों को आई चोट: वहीं, हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. बताया जा रहा है कि इस हादसे में बस में सवार कई यात्रियों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं. उधर, हादसा होते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. जिसके बाद सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई.

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *