नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके और उनके दो सहयोगियों सौरव दास व आशुतोष रांका को दिल्ली पहुंचते ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने तीनों को विमान से उतरने नहीं दिया और विमान के अंदर पहुंचकर ही उन्हें अपने घेरे में ले लिया। तीनों सुबह मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे। उन्हें जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से रोक दिया गया।

हिरासत में लिए जाने के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा, “मैं डरने वाला नहीं हूं, हक के लिए आवाज उठाता रहूंगा।” CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया था।
CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा सख्त
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की खबर है। रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया है। दिल्ली से सटे सीमावर्ती इलाकों में भी सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है और आने-जाने वाले लोगों की जांच की जा रही है।
पुलिस प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर की ओर बढ़ने से रोक रही है। वहीं, दिल्ली और आसपास के इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू होने की बात कही जा रही है। इंटरनेट सेवाओं, रेल परिचालन और मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी
अभिजीत दीपके ने CJP कार्यकर्ताओं से जंतर-मंतर पर जुटने की अपील की थी। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध दर्ज कराना चाहती थी। हालांकि, प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस की कार्रवाई सामने आ गई और अभिजीत दीपके समेत तीन लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर से राजनीतिक हलचल तेज हो गई।

