नई दिल्ली: अनजान लोगों की भीड़ में जब कोई बालक अपने पिता की उंगली पकड़कर चलता है, तो उसके अंदर एक भरोसा होता है। भरोसा इस बात का, कि चाहे दुनिया इधर से उधर हो जाए, उसका पिता उसे कुछ नहीं होने देगा और हर मुश्किल से बचा लेगा। लेकिन इसी भरोसे को और पिता के महाने रिश्ते को एक शख्स ने शर्मसार कर दिया। उसकी करतूत सुनकर शायद आपका भी खून खौल जाए। इस शख्स ने अपनी एक लत के लिए अपने ही महज 11 महीने के बच्चे को ऑनलाइन बेच दिया。
एक पिता की करतूत
36 वर्षीय इस कलयुगी पिता का नाम आरए है। बात कुछ दिन पहले की है, जब उसकी पत्नी किसी काम से बाहर गई। वापस आकर उसने देखा कि कमरे में उसका 11 महीने का बच्चा नहीं है। इधर-उधर तलाशने के बाद जब बच्चा नहीं मिला, तो उसने अपने पति से पूछा। शुरुआत में पति ने बात को टालने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर बाद सच्चाई उगल दी।
कर्ज के लिए बेचा बच्चा, जुए में हारा रकम
दरअसल, महिला के पति ने उनके 11 महीने के बच्चे को ऑनलाइन बेच दिया था। ये सुनते ही महिला के पैरों तले से जमीन खिसक गई। वो तुरंत पुलिस स्टेशन पहुंची और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को सारी बात बताई। 11 महीने के बच्चे को ऑनलाइन बेचे जाने की खबर सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। महिला के पति को गिरफ्तार कर पुलिस ने बच्चे के बारे में पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में सामने आई दिल दहला देने वाली कहानी
पूछताछ में एक दिल दहला देने वाली कहानी सामने आई। डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, इंडोनेशिया में पश्चिमी जकार्ता के टेंगरांग इलाके में रहने वाले आरए को ऑनलाइन जुआ खेलने की लत थी। इस लत की वजह से उसके ऊपर भारी कर्ज हो गया। कर्ज से परेशान आरए की नजर एक दिन सोशल मीडिया की एक पोस्ट पर पड़ी, जिसमें बच्चा खरीदने की बात लिखी थी।
80 हजार में सौदा
आरए ने उस पोस्ट पर रिप्लाई किया और 730 पाउंड यानी 80 हजार रुपये में अपने 11 महीने के बच्चे का सौदा कर दिया। इसके बाद जगह तय हुई और आरए ने बच्चे को बेच दिया। हालांकि, अपना कर्ज उतारने के बजाय, उसने इस रकम को फिर से ऑनलाइन जुए में दांव पर लगा दिया। इस बार भी वो जुए में हार गया और अपनी रकम गंवा बैठा।