हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंजाब के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये के 169 नकली नोट, कुल 84,500 रुपये की जाली करेंसी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन नोटों को हरिद्वार के बाजारों में खपाने के इरादे से पहुंचे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरजीत सिंह, टिंकू, सुमित कुमार और संजीव कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी पंजाब के गुरदासपुर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, चारों आपस में पारिवारिक रिश्ते से जुड़े हैं और इनमें पिता-पुत्र भी शामिल हैं।

चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े

हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जिलेभर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अपराधियों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नगर कोतवाली पुलिस की टीम रविवार रात मेला अस्पताल क्षेत्र में जांच कर रही थी।

पुलिस की नजर चार संदिग्ध लोगों पर पड़ी। जैसे ही उन्हें रुकने का इशारा किया गया, चारों घबरा गए और तेजी से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर टिबड़ी तिराहे के पास सभी को दबोच लिया।

तलाशी में बरामद हुई जाली करेंसी

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 500-500 रुपये के 169 नकली नोट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने गुरदासपुर निवासी एक व्यक्ति से 20 हजार रुपये असली देकर 500 रुपये के 200 नकली नोट, यानी एक लाख रुपये की जाली करेंसी खरीदी थी।

पुलिस के मुताबिक, बरामद नोटों में से कुछ पहले ही बाजार में चलाए जा चुके थे, जबकि बाकी नोटों को हरिद्वार के अलग-अलग इलाकों में खपाने की तैयारी थी।

मुख्य सप्लायर तक पहुंचने की कोशिश

नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनसे पूछताछ के दौरान नकली नोटों के पूरे नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां मिली हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब उस मुख्य सप्लायर की तलाश में जुट गई है, जिसने आरोपियों को जाली करेंसी उपलब्ध कराई थी। इसके लिए विशेष टीम गठित की गई है और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय किया जा रहा है।

पूरे सिंडिकेट का होगा खुलासा

पुलिस का कहना है कि जांच केवल गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित नहीं रहेगी। यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह अब तक कितने स्थानों पर नकली नोट खपा चुका है और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पूरे नकली नोट सिंडिकेट का खुलासा किया जाएगा।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *