चमोली: उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने का मामला सामने आया है। चमोली पुलिस ने मंदिर के गर्भगृह में स्पाई कैमरे के जरिए अवैध रूप से वीडियो और फोटो रिकॉर्डिंग कर रहे एक श्रद्धालु को मौके पर पकड़ लिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसके खिलाफ चालान किया और रिकॉर्ड किया गया पूरा डेटा डिलीट करा दिया।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए व्यक्ति की पहचान जयप्रकाश पांडे के रूप में हुई है, जो मुंबई के नोहर रोड क्षेत्र का निवासी है। जांच में पता चला कि वह मंदिर के गर्भगृह जैसे प्रतिबंधित क्षेत्र में स्पाई कैमरे की सहायता से वीडियो और फोटो रिकॉर्ड कर रहा था। यह मंदिर प्रशासन के नियमों, सुरक्षा प्रोटोकॉल और धार्मिक परंपराओं का उल्लंघन माना गया।
उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई
घटना का संज्ञान लेते हुए चमोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की। इसके साथ ही सुरक्षा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए उसके पास मौजूद सभी अवैध वीडियो और फोटो मौके पर ही डिलीट करा दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार से संवेदनशील सामग्री का दुरुपयोग न हो सके।
श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने की अपील
चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि बदरीनाथ धाम में दर्शन के दौरान मंदिर प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। विशेष रूप से गर्भगृह और अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी न करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मंदिर की सुरक्षा, गोपनीयता और धार्मिक गरिमा से जुड़ी व्यवस्थाओं का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर की पवित्रता दोनों बनी रहें।
