नैनीताल: उत्तराखंड के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल नैनीताल की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब शहर की पहचान मानी जाने वाली मॉल रोड को 1 अगस्त से ‘नो हॉर्न ज़ोन’ घोषित किया जाएगा। इसके तहत अनावश्यक हॉर्न बजाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नए नियम लागू होने से पहले प्रशासन इस सप्ताह से व्यापक जागरूकता अभियान भी शुरू करेगा।

यह निर्णय उत्तराखंड हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है। मंडलायुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन और पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

पर्यटकों को मिलेगा शोर-रहित वातावरण

मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि नैनीताल की मॉल रोड देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए सबसे आकर्षक स्थलों में से एक है। यहां अनावश्यक हॉर्न बजने से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और पर्यटकों का अनुभव प्रभावित होता है। इसी को देखते हुए जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने के आदेश दिए गए हैं, ताकि 1 अगस्त से नियमों का सख्ती से पालन कराया जा सके।

झील के आसपास पूरा इलाका रहेगा नो-पार्किंग

यातायात को सुचारु बनाए रखने और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक झील के आसपास के पूरे क्षेत्र को नो-पार्किंग ज़ोन घोषित किया गया है। प्रशासन का मानना है कि इससे सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा और पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी।

बिना फिटनेस वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई

बैठक में परिवहन और पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के चल रहे सरकारी और निजी वाहनों के खिलाफ तत्काल अभियान चलाया जाए। ऐसे वाहनों को सीज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही निजी वाहनों से अवैध रूप से टैक्सी संचालन करने वालों पर भी संयुक्त अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई होगी।

रूसी बाईपास को बनाया जाएगा आधुनिक पार्किंग हब

शहर में पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए प्रशासन ने रूसी बाईपास को आधुनिक पार्किंग हब के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की है। यहां पर्यटकों और वाहन चालकों के लिए शौचालय, पेयजल, विद्युत सुविधा, दुकानें और सीसीटीवी निगरानी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे शहर के मुख्य बाजार और मॉल रोड पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

नियम लागू होने से पहले चलेगा जागरूकता अभियान

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 1 अगस्त से पहले लोगों को नए नियमों की जानकारी देने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। शहर के प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड और पोस्टर लगाए जाएंगे, जबकि नागरिकों और पर्यटकों से अनावश्यक हॉर्न न बजाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जाएगी।

प्रशासन का मानना है कि इन फैसलों से नैनीताल की ट्रैफिक व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी, ध्वनि प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यटकों को पहले से अधिक शांत, स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *