नैनीताल: ईद के मौके पर बढ़ते पर्यटक दबाव को देखते हुए पुलिस ने बड़ा ट्रैफिक फैसला लिया है। नैनीताल और कैंची धाम में अगले वीकेंड तक दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, हर साल ईद के दौरान आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में पर्यटक बाइक के जरिए यहां पहुंचते हैं। इससे शहर में ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है और जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।

अब बाइक भी एंट्री पॉइंट पर रोकी जाएंगी
अब तक चारपहिया वाहनों को एंट्री प्वाइंट पर रोककर शटल सेवा के जरिए शहर में भेजा जाता था, लेकिन अब यही नियम दोपहिया वाहनों पर भी लागू कर दिया गया है।

बाहरी जिलों से आने वाले पर्यटकों की बाइकों को काठगोदाम और कालाढूंगी में ही रोक दिया जाएगा। इसके बाद पर्यटक शटल सेवा या सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

इन जिलों से बढ़ती है भीड़
एसपी नैनीताल जगदीश चंद्र ने बताया कि रामपुर, मुरादाबाद और उधम सिंह नगर जैसे क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग बाइक से यहां आते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।

उन्होंने कहा कि बड़े वाहनों को तो पहले ही नियंत्रित कर लिया जाता है, लेकिन दोपहिया वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही से जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

पार्किंग और सुरक्षा बनी मुख्य वजह
नैनीताल शहर और कैंची धाम क्षेत्र में दोपहिया वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं है। इसी कारण यह फैसला लिया गया है, ताकि ट्रैफिक सुचारू रहे और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध ईद से अगले वीकेंड तक प्रभावी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *