पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में एक परिवार पर कुछ ही घंटों के भीतर ऐसी त्रासदी आई, जिससे पूरा गांव शोक में डूब गया। मड़े गांव निवासी 14 वर्षीय जतिन जोशी की अचानक मौत के बाद उसकी मां पूनम जोशी की भी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।

दौड़ते समय अचानक बिगड़ी जतिन की तबीयत

जानकारी के मुताबिक, कक्षा नौ में पढ़ने वाला 14 वर्षीय जतिन जोशी शनिवार सुबह झौलखेत मैदान में दौड़ लगाने गया था। बताया गया कि दौड़ने के बाद घर लौटते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।

परिजनों को जानकारी मिलने के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, प्रथमदृष्टया मौत का कारण हृदयाघात माना जा रहा है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

बेटे की मौत के बाद मां की भी मौत

जतिन की मौत की खबर से उसकी मां पूनम जोशी सदमे में थीं। रिपोर्टों के मुताबिक, अस्पताल से निकलने के बाद वह गंगोलीहाट जाने वाली टैक्सी से घाट क्षेत्र पहुंचीं। वहां उन्होंने टैक्सी से उतरने के बाद सरयू नदी में छलांग लगा दी।

स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने भी तलाश अभियान चलाया। बाद में नदी से पूनम का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू की है।

परिवार पहले भी झेल चुका था बड़ा सदमा

रिपोर्टों के मुताबिक, परिवार ने करीब दो साल पहले अपनी बेटी को भी खो दिया था। अब इकलौते बेटे जतिन की अचानक मौत और उसके कुछ ही समय बाद मां पूनम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जतिन के पिता कैलाश चंद्र जोशी असम राइफल्स में तैनात बताए जा रहे हैं और वर्तमान में त्रिपुरा में ड्यूटी पर हैं। परिवार मूल रूप से पिथौरागढ़ तहसील के गुरुंगतोली क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में मड़े गांव में रह रहा था।

गांव में पसरा मातम

कुछ ही घंटों के अंतराल में हुई मां-बेटे की मौत की खबर से मड़े गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस दोनों मौतों से जुड़े घटनाक्रम की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *