काशीपुर। उत्तराखंड के काशीपुर में साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए एक व्यक्ति के मोबाइल फोन को कथित तौर पर हैक कर उसके बैंक खाते से 99,800 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी कर दी। आरोप है कि साइबर ठगों ने पीड़ित के मोबाइल में बिना अनुमति एक संदिग्ध (मैलिशियस) एप्लिकेशन इंस्टॉल कर दी, जिसके जरिए यूपीआई के माध्यम से रकम ट्रांसफर कर ली गई। मामले में साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला लक्ष्मीपुर निवासी इसरार अहमद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 जून 2026 की रात करीब 11 बजे अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल फोन का अनधिकृत एक्सेस हासिल कर लिया। इसके बाद फोन में एक संदिग्ध एप इंस्टॉल कर दी गई, जिसने एसएमएस, कॉल, कैमरा और अन्य महत्वपूर्ण फीचर्स का एक्सेस प्राप्त कर लिया।
सोते समय खाते से उड़ा ली रकम
पीड़ित के मुताबिक, घटना के समय वह ड्यूटी से लौटकर घर पर सो रहे थे और उनका मोबाइल फोन उनके पास ही रखा था। इसी दौरान साइबर ठगों ने यूपीआई के जरिए उनके बैंक खाते से 99,800 रुपये ट्रांसफर कर लिए। उन्हें इस धोखाधड़ी की जानकारी अगले दिन तब हुई, जब उनका मोबाइल बार-बार हैंग होने लगा।
संदिग्ध एप देखकर हुआ ठगी का खुलासा
सुबह मोबाइल की जांच करने पर उन्हें फोन में एक ऐसा एप मिला, जिसे उन्होंने न तो डाउनलोड किया था और न ही इंस्टॉल किया था। इसके बाद उन्हें साइबर ठगी का संदेह हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
तकनीकी जांच में जुटी पुलिस
क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि साइबर थाने में दर्ज एफआईआर जांच के लिए काशीपुर पुलिस को भेज दी गई है। पुलिस मोबाइल के आईपी एड्रेस, बैंक ट्रांजेक्शन, संदिग्ध एप के स्रोत और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल फोन में किसी भी अनजान या संदिग्ध एप्लिकेशन को इंस्टॉल न करें, अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें और बैंक खाते से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने को दें।
