देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रभारी कुमारी शैलजा मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचीं। दौरे के पहले दिन उन्होंने जिला और महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की।

बीजापुर गेस्ट हाउस में आयोजित बैठकों में पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। कुमारी शैलजा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर नेताओं से विस्तृत संवाद किया।

इसके अलावा उन्होंने प्रदेश के विभिन्न प्रकोष्ठों, विभागों और सेल के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। बैठकों में पार्टी की वर्तमान स्थिति, जनसंपर्क कार्यक्रमों और आगामी अभियानों पर भी चर्चा की गई।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत जिला इकाइयों और ब्लॉक अध्यक्षों का गठन किया गया है। अब तक विभिन्न जिलों में संगठनात्मक स्तर पर हुई प्रगति की समीक्षा की जा रही है। साथ ही हाल ही में आयोजित पार्टी कार्यक्रमों का भी मूल्यांकन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकों के जरिए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों की रणनीति तय करने पर मंथन करेंगी। इसके साथ ही पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और जनआंदोलनों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा होगी।

कुमारी शैलजा का यह दौरा कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। बुधवार को भी उनकी वरिष्ठ नेताओं और संगठन पदाधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *