काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अग्निवीर और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं के पास नई सोच, अलग तरीके से काम करने की क्षमता और कुछ कर गुजरने का जज्बा है।

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ पर युवाओं से मांगे सुझाव

सीएम धामी ने कहा कि सरकार ने युवाओं से ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ को लेकर सुझाव मांगे हैं। विद्यार्थियों की ओर से शिक्षा, रोजगार और राज्य के विकास से जुड़े कई सुझाव दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं के सपने बड़े हैं और आने वाले समय में प्रदेश के युवा वैज्ञानिक, शिक्षक, खिलाड़ी और उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना सकते हैं।

कोई होनहार अवसरों के अभाव में पीछे न छूटे

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड का कोई भी होनहार बेटा या बेटी अवसरों की कमी के कारण पीछे न छूटे। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं, सरकारी स्कूलों में NCERT आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है और वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने छात्राओं के लिए नंदा गौरा योजना और विज्ञान एवं तकनीक से विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए देहरादून में विकसित की जा रही साइंस सिटी का भी उल्लेख किया।

युवाओं से बोले- नौकरी तलाशने के साथ रोजगार देने का सपना देखें

मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि वे केवल नौकरी तलाशने तक सीमित न रहें, बल्कि नौकरी देने वाला बनने का सपना भी देखें। इसके लिए सरकार की ओर से स्टार्टअप, नवाचार और आधुनिक कौशल को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसरों के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो, इसके लिए प्रदेश में औद्योगिक और रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।

अग्निवीरों के भविष्य के लिए बनेगा सेल

विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने अग्निवीरों के भविष्य को लेकर अग्निवीर सेल गठित किए जाने की जानकारी दी। वहीं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े सवाल पर उन्होंने AI को चुनौती के साथ-साथ अवसर भी बताया और युवाओं से नई तकनीक के अनुरूप खुद को तैयार करने की बात कही।

युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति और वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों से मेहनत करने, पढ़ाई पर ध्यान देने और खुद पर विश्वास रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को अवसर और संसाधन उपलब्ध करा सकती है, लेकिन उन अवसरों को सफलता में बदलने की जिम्मेदारी युवाओं की है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात

विद्यार्थियों के सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रिश्वत या अनुचित दबाव की स्थिति में लोग टोल-फ्री नंबर 1064 पर शिकायत कर सकते हैं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने युवा आयोग, उत्तराखंड के विकास, अग्निवीर योजना, साइबर क्राइम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित कई विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं और सरकार युवाओं की प्रतिभा को अवसर देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *