ऋषिकेश: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया, स्वास्थ्य जांच, आवास एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाएं और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में मौजूद श्रद्धालुओं से सीधे बातचीत कर उनके अनुभव और सुझाव भी जाने। विभिन्न राज्यों से आए यात्रियों ने यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए राज्य सरकार और प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
पंजीकरण प्रक्रिया को और सुगम बनाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को पंजीकरण के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा या किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाया जाए ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।
गर्मी के मद्देनजर अतिरिक्त सुविधाओं पर जोर
प्रदेश में बढ़ते तापमान को देखते हुए मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने, पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और यात्रियों के लिए अन्य आवश्यक सुविधाओं को बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध होनी चाहिए।

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, ऐसे में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को पूरी तरह तैयार रहना चाहिए।
कर्मचारियों से भी किया संवाद
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से भी बातचीत की। उन्होंने कर्मचारियों से अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के अनुरूप की जाए और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने जताया संतोष
महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच और आवास संबंधी व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया। कई वरिष्ठ नागरिकों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का कुशलक्षेम जाना और सभी यात्रियों को सुरक्षित, सफल एवं मंगलमय चारधाम यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
