देहरादून। उत्तराखंड के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने देहरादून में पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन और संगठनात्मक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान विभागीय सचिव डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम सहित वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में मंत्री सौरभ बहुगुणा ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर धरातल पर उतारा जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर उनका लाभ मिल सके।
सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें प्रभावी तरीके से लागू कर आम लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा।
कैबिनेट मंत्री ने निर्देश दिए कि विभागीय प्रक्रियाओं को और अधिक सरल एवं जनहितैषी बनाया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों, पशुपालकों और जरूरतमंद लोगों को बिना किसी अनावश्यक बाधा के योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि तकनीक और सरलीकृत प्रक्रियाओं के माध्यम से विभागीय सेवाओं को अधिक सुगम बनाया जाएगा।

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी भी प्रस्तुत की। इस दौरान पशुपालन क्षेत्र के विकास, पशुपालकों की आय बढ़ाने तथा विभागीय योजनाओं की पहुंच को व्यापक बनाने पर भी चर्चा की गई।
सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रदेशवासियों की खुशहाली, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पशुपालन क्षेत्र को मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं और सुनिश्चित करें कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे।
