चमोली: बदरीनाथ धाम मंदिर के चर्चित चढ़ावा चोरी मामले की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंचती नजर आ रही है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल की पुलिस रिमांड मिलने के बाद जांच की रफ्तार तेज कर दी है। बुधवार को एसआईटी आरोपी को साथ लेकर देहरादून पहुंची, जहां उसके सरकारी आवास पर कई घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

सरकारी आवास पर तीन घंटे तक चली जांच
देहरादून स्थित सरकारी आवास पर करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान एसआईटी ने बैंक खातों, भूमि और अन्य चल-अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। जांच टीम ने आरोपी के परिजनों से भी पूछताछ कर उसकी आर्थिक गतिविधियों, बैंक लेनदेन और संपत्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं। अधिकारियों का कहना है कि जब्त दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
बदरीनाथ के सरकारी कमरे से मिली चांदी की वस्तुएं और नेपाली मुद्रा
जांच के दौरान एसआईटी ने आरोपी के बदरीनाथ स्थित सरकारी कमरे की भी तलाशी ली। इस दौरान चांदी के सिक्के, चांदी का नाग, चांदी की एक मूर्ति, नेपाली मुद्रा की 50-50 रुपये मूल्यवर्ग की दो गड्डियां और करीब पांच हजार रुपये भारतीय नकदी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इन वस्तुओं का स्रोत क्या है और इनका चोरी के मामले से कोई संबंध है या नहीं।
बीकेटीसी कार्यालय ले जाकर भी हुई पूछताछ
गुरुवार को एसआईटी प्रमोद नौटियाल को बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) कार्यालय भी लेकर पहुंची। यहां उससे वित्तीय प्रक्रियाओं, अभिलेखों और मंदिर के चढ़ावे से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की गई। जांच टीम दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और आरोपी के बयानों का मिलान कर पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
चार दिन की रिमांड में जुटाए जा रहे अहम साक्ष्य
एसआईटी को अदालत से आरोपी की चार दिन की पुलिस रिमांड मिली है। इस दौरान उससे लगातार पूछताछ की जा रही है और दस्तावेजी व तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। जांच एजेंसी का मानना है कि रिमांड अवधि के दौरान कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं, जो पूरे मामले की तस्वीर साफ करने में मदद करेंगे।
एसएचओ ने कही यह बात
बदरीनाथ थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) महादेव उनियाल ने बताया कि एसआईटी ने देहरादून स्थित सरकारी आवास पर विस्तृत तलाशी अभियान चलाया। प्रारंभिक जांच में कोई बड़ी आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली, लेकिन बैंक खातों, जमीन और अन्य संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
