DSAT Scholarship Ad

देहरादून: कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर शासन ने तैयारियों की रफ्तार बढ़ा दी है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों और श्रद्धालुओं के लिए की जाने वाली विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

Kumbh mela 2027 preparations CS anand bardhan reviews development works parking and traffic arrangements

मुख्य सचिव ने कहा कि जिन कार्यों को एक साथ किया जा सकता है, उन्हें समानांतर रूप से पूरा किया जाए, ताकि समय का बेहतर इस्तेमाल हो और कुंभ शुरू होने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं तैयार रहें।

जनगणना और चुनावी कार्यों से प्रभावित न हो स्टाफ

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना और निर्वाचन से जुड़े कार्यों के कारण कुंभ मेले की तैयारियों के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

इसके लिए अभी से मानव संसाधन की योजना तैयार करने को कहा गया है। संबंधित विभागों को कुंभ मेले के लिए आवश्यक कर्मचारियों की संख्या का आकलन कर उनकी समय पर तैनाती की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

QR कोड से मिलेगी कुंभ क्षेत्र की जानकारी

कुंभ मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर साइनेज सिस्टम विकसित करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने साइनेज पर क्यूआर कोड लगाने के निर्देश दिए हैं।

इन क्यूआर कोड को स्कैन करने पर श्रद्धालुओं को संबंधित स्थान की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता सहित जरूरी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। इसके अलावा कुंभ क्षेत्र की अलग-अलग लोकेशन और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने के लिए एक समर्पित मोबाइल ऐप तैयार करने की संभावना पर भी चर्चा हुई।

स्थायी व्यवस्थाओं के रखरखाव की भी बनेगी योजना

बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ के लिए बनाई जा रही स्थायी व्यवस्थाओं का उपयोग मेले के बाद भी बेहतर तरीके से हो, इसके लिए संचालन और रखरखाव की योजना पहले से तैयार की जानी चाहिए।

उन्होंने कुंभ क्षेत्र में बनाए जा रहे अस्थायी पुलों के निर्माण की लगातार निगरानी करने और इन्हें नवंबर के अंत तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

पार्किंग और नहरबंदी के कार्यों पर भी फोकस

कुंभ मेला क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सरकारी और सरकारी एजेंसियों की जमीन पर पार्किंग समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े कार्य तत्काल शुरू करने को कहा गया।

इसके साथ ही नहरबंदी के दौरान किए जाने वाले कार्यों की तैयारी पहले से पूरी करने और नहरबंदी की अवधि का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

सिंचाई-पेयजल के कामों की होगी नियमित निगरानी

मुख्य सचिव ने सिंचाई और पेयजल विभाग के निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और कुंभ शुरू होने से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कराने पर जोर दिया।

उन्होंने मेलाधिकारी और संबंधित विभागाध्यक्षों को नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी कार्य में अनावश्यक देरी न हो।

यातायात व्यवस्था के लिए तैयार होंगे वैकल्पिक मार्ग

कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को वैकल्पिक मार्गों और अन्य आवश्यक यातायात व्यवस्थाओं की तैयारी समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए।

स्थलीय निरीक्षण पर रहेगा विशेष जोर

मुख्य सचिव ने मेलाधिकारी को कुंभ से जुड़े कार्यों का लगातार स्थलीय निरीक्षण करने को कहा। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं की जानकारी तत्काल शासन और संबंधित विभागों को देने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि विभिन्न विभाग आपसी समन्वय से समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें, ताकि कुंभ मेला शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी तरह व्यवस्थित और सुचारू रूप से तैयार रहें।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *