देहरादून: राजधानी देहरादून में देर रात एक परिवार के साथ मारपीट और कथित लूटपाट की घटना सामने आई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जन्मदिन समारोह से घर लौटते समय कुछ युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने उनकी कार रुकवाई और फिर हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

परिवार के मुताबिक, कांवली रोड के पास कुछ युवकों ने उनकी कार को रोककर रास्ता पूछा। जैसे ही वाहन रुका, आरोपियों ने चालक का कॉलर पकड़ लिया और उसे जबरन कार से बाहर खींचने लगे। देखते ही देखते मौके पर मौजूद 10 से 12 युवकों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ितों का कहना है कि हमलावरों ने महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। वहीं, परिवार को बचाने पहुंचे स्थानीय लोगों के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता और हाथापाई की। इस दौरान एक युवक के सिर में गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
परिवार ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान बदमाश कार में रखा सामान भी अपने साथ ले गए। पीड़ितों के अनुसार, करीब 50 हजार रुपये नकद, एक सोने की चेन और तीन मोबाइल फोन घटना के दौरान गायब हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि 14 अगस्त को भी कुछ युवकों के साथ उनका विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत आईएसबीटी चौकी में दर्ज कराई गई थी। उनका आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते ही इस घटना को अंजाम दिया गया।
फिलहाल परिवार ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद घटना से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपियों की भूमिका को स्पष्ट किया जाएगा।
