नई दिल्ली: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की नई टीम में जल्द ही पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा किया जाएगा। इसे लेकर गुरुवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं और उत्तराखंड के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई।

Congress meeting in Delhi Strategy formulated for upcoming elections discussion also held regarding SIR

बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी सैलजा की मौजूदगी में संगठन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल उपाध्यक्षों, महासचिवों और सचिवों को उनकी भूमिका और जिम्मेदारियां सौंपने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति पर मंथन किया गया।

गौरतलब है कि 7 अगस्त को उत्तराखंड कांग्रेस की नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित की गई थी। गणेश गोदियाल की टीम में 24 उपाध्यक्ष, 36 महासचिव और 107 सचिव नियुक्त किए गए हैं। अब इन सभी पदाधिकारियों के बीच काम का स्पष्ट विभाजन किया जाना है, ताकि चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा सके।

बैठक में एसआईआर प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन दर्ज की जा रही आपत्तियों को लेकर भी कांग्रेस ने अपनी रणनीति पर चर्चा की। पार्टी की ओर से इस प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे की कार्ययोजना तैयार करने पर विचार किया गया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत उत्तराखंड कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बैठक के बाद अब प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को जल्द ही उनकी जिम्मेदारियां सौंपे जाने की संभावना है। कांग्रेस का लक्ष्य संगठन को सक्रिय करने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नेताओं की भूमिका स्पष्ट करना और चुनावी तैयारियों को गति देना है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *