रुद्रपुर: काशीपुर फ्लाईओवर के पास स्कूटी सवार दो युवकों को कथित तौर पर स्कॉर्पियो से टक्कर मारने और इसके बाद लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। मामले को लेकर वाल्मीकि समाज के लोगों ने रुद्रपुर कोतवाली पहुंचकर विरोध जताया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ, उनके भाई सन्नी चुघ समेत करीब 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पहले स्कूटी को मारी टक्कर, फिर रॉड से हमला

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10 बजे गांधी कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय अभिषेक वाल्मीकि अपने दोस्त जतिन के साथ स्कूटी से काशीपुर फ्लाईओवर की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

आरोप है कि इसके बाद स्कॉर्पियो सवार सन्नी चुघ ने लोहे की रॉड से दोनों युवकों पर हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि कुछ देर बाद पारस चुघ अपने भाई सन्नी और करीब 10-12 अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवकों के साथ दोबारा मारपीट की गई।

जातिसूचक शब्द बोलने का भी आरोप

पीड़ित पक्ष ने मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया है। बताया गया कि शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से निकल गए।

घटना में अभिषेक और जतिन घायल हुए। दोनों को निजी अस्पताल ले जाया गया। अभिषेक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बरेली रेफर कर दिया। वहीं जतिन का भी इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

कोतवाली में पहुंचकर लोगों ने जताया विरोध

घटना से नाराज वाल्मीकि समाज के लोग शनिवार सुबह रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे। लोगों ने पुलिस के सामने विरोध जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के दौरान मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

BJP नेता समेत 10 अज्ञात के खिलाफ FIR

पुलिस ने पारस चुघ और सन्नी चुघ समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मुकदमे में हत्या के प्रयास, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और अन्य संबंधित धाराएं शामिल की गई हैं।

सीओ रुद्रपुर विभव सैनी ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज और जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *