रुद्रपुर: शहर के भगत सिंह चौक स्थित आर्य समाज मंदिर वाली गली में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रृंगार बुटीक के बेसमेंट में अचानक आग भड़क उठी। घटना रात करीब 12:15 बजे की बताई जा रही है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को तत्काल सूचना दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

जानकारी के मुताबिक, यह बुटीक शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. संदीप डोगरा की पत्नी शैलजा डोगरा द्वारा संचालित किया जाता है। आग लगने से बेसमेंट में रखा कीमती सामान जल गया, जिससे काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आग पूरे शोरूम तक फैलने से पहले ही रोक दी गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। शहर के समाजसेवी संजय ठुकराल भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य के दौरान सहयोग किया।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचता, तो आग आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी और नुकसान कहीं अधिक बड़ा हो सकता था.

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *