गैरसैंण: देशभर में सामने आ रहे भर्ती घोटालों और पेपर लीक के मामलों के विरोध में मंगलवार को गैरसैंण में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर के मुख्य चौराहे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं पर गहरी नाराजगी जताई।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि NEET, JEE, UGC-NET समेत कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही गड़बड़ियों ने लाखों युवाओं का भरोसा तोड़ा है। उनका कहना था कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) परीक्षा प्रक्रिया की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने में विफल साबित हुई है, जिससे छात्रों के भविष्य पर गंभीर असर पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की भर्ती परीक्षाओं में हुए पेपर लीक का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बावजूद यदि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियां जारी हैं, तो यह व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली की न्यायिक समीक्षा कराने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और परीक्षा अनियमितताओं से प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय एवं उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।

नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी ने कहा कि यह आंदोलन केवल भर्ती परीक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता का सवाल है। उन्होंने युवाओं से भ्रष्टाचार और पेपर लीक के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।

जिला कांग्रेस महासचिव प्रदीप कुंवर ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए तो युवा कांग्रेस राज्यभर में व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी।

कांग्रेस नगर अध्यक्ष कुंवर रावत ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में छात्र-छात्राएं पूरे वर्ष मेहनत करते हैं, लेकिन परीक्षा से पहले पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *