खटीमा/चंपावत: उत्तराखंड के चंपावत जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टनकपुर-बिचई मार्ग पर एक टैक्सी कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच हुई जोरदार टक्कर में टैक्सी चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर में सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, हादसा टनकपुर-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिचई स्थित सेल्स टैक्स कार्यालय के पास सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि टैक्सी चालक हरीश (34), पुत्र मोहन राम, सवारियों को छोड़कर वापस टनकपुर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी टैक्सी अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि टैक्सी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल चालक को 108 एंबुलेंस की मदद से उप जिला अस्पताल टनकपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान चली गई।

मृतक हरीश मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट क्षेत्र के निवासी थे और टैक्सी चालक के रूप में कार्यरत थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।

वहीं, हादसे में ट्रैक्टर चालक दयाराम, उनकी पत्नी रामवती और राजेश्वरी घायल हो गए। तीनों का उपचार उप जिला अस्पताल टनकपुर में किया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

गौरतलब है कि चंपावत जिले में लगातार दूसरे दिन बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। इससे एक दिन पहले बाराकोट क्षेत्र में एक कार गहरी खाई में गिरकर आग की चपेट में आ गई थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *