रुद्रपुर। रुद्रपुर सिटी क्लब में भाजपा जिला महिला मोर्चा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खाद्य तेल संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की अपील के तहत बिना तेल एवं कम तेल से बने व्यंजनों के सहभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा ने सहभागिता करते हुए स्वस्थ खान-पान और संतुलित जीवनशैली के महत्व पर जोर दिया।

इस अवसर पर मेयर विकास शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खाद्य तेल के संतुलित उपयोग की अपील समाज के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ खान-पान, पोषण तथा खाद्य तेल के संतुलित उपयोग का संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया गया। उपस्थित महिलाओं एवं प्रतिभागियों ने बिना तेल और कम तेल से तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों का प्रदर्शन कर स्वास्थ्यवर्धक भोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।

मेयर विकास शर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए भाजपा महिला मोर्चा की सभी पदाधिकारियों, मातृशक्ति एवं बहनों को बधाई देते हुए कहा कि उनका यह प्रयास समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सराहनीय है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महिला मोर्चा प्रभारी विजया लक्ष्मी चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुषमा अग्रवाल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नीतू सक्सैना, जिला महामंत्री प्रीति धीर, प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, जिला उपाध्यक्ष स्वाति शर्मा, भाजपा जिला महामंत्री तरुण दत्ता, अर्चना राय, पिंकी चतुर्वेदी, रजनी रावत सहित सैकड़ों महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
