किच्छा, उधम सिंह नगर। विकासखंड रुद्रपुर के अंतर्गत ग्राम आनंदपुर कटिंग में मुख्य मार्ग से नदी की पुलिया तक निर्मित 130 मीटर लंबी सीसी सड़क का लोकार्पण पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। लंबे समय से जर्जर पड़ी इस सड़क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि आनंदपुर कटिंग को ग्राम इंदरपुर से जोड़ने वाला यह संपर्क मार्ग काफी समय से खराब स्थिति में था और पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुका था। उन्होंने बताया कि स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे, जिस पर जनभावनाओं को देखते हुए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम को बरसात से पहले कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बाद ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने स्थल निरीक्षण कर आवश्यक बजट स्वीकृत कराया और निर्धारित समय सीमा में सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कर इसे जनता को समर्पित किया।

ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और विकासखंड स्तर पर लगातार इस दिशा में कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

सड़क निर्माण पूरा होने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम एवं प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि इस सड़क के बनने से आवागमन सुगम होगा और बरसात के दौरान होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान संघ अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने की। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष राजेश तिवारी, मंडल महामंत्री जितेंद्र गौतम, समाजसेवी राजकुमार पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *