देहरादून: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के एक मामले में देहरादून स्थित नेशनल स्टेटिस्टिकल ऑफिस (NSO) के वरिष्ठ अधिकारी संजय कुमार को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एक लिखित शिकायत के आधार पर की गई।

शिकायतकर्ता, जो पेशे से टैक्स अधिवक्ता हैं, ने आरोप लगाया था कि उनके क्लाइंट बीएस इंडस्ट्रीज की Annual Survey of Industries (ASI) के तहत वार्षिक रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया लंबित थी। यह कार्य सांख्यिकी विभाग के माध्यम से संपन्न होना था। आरोप है कि संबंधित प्रक्रिया को पूरा करने के बदले अधिकारी ने पांच हजार रुपये की अवैध मांग की।

बताया गया कि आरोपी अधिकारी ने व्हाट्सएप के माध्यम से एक मोबाइल नंबर साझा कर यूपीआई से राशि ट्रांसफर करने को कहा था। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने प्रारंभिक सत्यापन किया, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई गई।

ट्रैप के दौरान सीबीआई टीम ने आरोपी को रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *