रुद्रपुर: उत्तराखंड सरकार की मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेशभर से 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के 200 प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 2,000 रुपये की छात्रवृत्ति तथा खेल उपकरण खरीदने के लिए प्रतिवर्ष 10,000 रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

100 बालक और 100 बालिकाओं का होगा चयन
खेल विभाग के अनुसार योजना के तहत 100 बालक और 100 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। खिलाड़ियों का चयन चार आयु वर्गों—14-17 वर्ष, 17-19 वर्ष, 19-21 वर्ष और 21-23 वर्ष—में किया जाएगा।
7 अगस्त से शुरू होगी चयन प्रक्रिया
खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल 7 अगस्त से शुरू होंगे। निर्धारित कार्यक्रम इस प्रकार है—
- 7 अगस्त: नगर पालिका/नगर निगम/विकास खंड स्तर पर सभी आयु वर्ग की बालिकाओं के ट्रायल।
- 8 अगस्त: नगर पालिका/नगर निगम/विकास खंड स्तर पर सभी आयु वर्ग के बालकों के ट्रायल।
- 12 अगस्त: जिला स्तर पर सभी आयु वर्ग की बालिकाओं के ट्रायल।
- 13 अगस्त: जिला स्तर पर सभी आयु वर्ग के बालकों के ट्रायल।
जिला स्तरीय ट्रायल मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम, रुद्रपुर में आयोजित किए जाएंगे, जबकि ब्लॉक स्तर के ट्रायल संबंधित नगर पालिका, नगर निगम एवं विकास खंडों में संपन्न होंगे।
इन खेलों में होगा खिलाड़ियों का चयन
योजना के तहत खिलाड़ियों का चयन एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, फुटबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, कराटे, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, बॉक्सिंग और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों में किया जाएगा।
ऑनलाइन करना होगा आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए खिलाड़ी का उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। आवेदन के समय जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और निवास प्रमाण पत्र की प्रति प्रस्तुत करनी होगी।
इच्छुक खिलाड़ी khelouk.in पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं।
जिला क्रीड़ाधिकारी ने की आवेदन की अपील
जिला क्रीड़ाधिकारी जानकी कार्की ने बताया कि मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। उन्होंने प्रदेश के पात्र और इच्छुक खिलाड़ियों से समय पर पोर्टल पर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
