किच्छा: ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा स्थित अरोड़ा इंडस्ट्रीज में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से तीन गोदामों में रखा चावल और वरदाना जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

राइस मिलर एसोसिएशन के महामंत्री एवं अरोड़ा इंडस्ट्रीज के संचालक साहिल अरोरा ने बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे मिल परिसर के एक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना दी। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और तीन गोदाम इसकी चपेट में आ चुके थे।
उन्होंने बताया कि आग की घटना में गोदामों में रखा चावल और वरदाना पूरी तरह जल गया, जिससे लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और लगातार राहत एवं बचाव कार्य चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद रविवार सुबह करीब 4:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी मौके पर पहुंचे और आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने और नियमानुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
इस दौरान संदीप अरोड़ा, किशन नारंग, सौरभ अरोड़ा, दीपक पाठक, लक्ष्मण खुगगर, अंकुर पपनेजा, सुमित अरोड़ा, गौरव अरोड़ा और सतीश अरोड़ा सहित अन्य लोग भी मौके पर मौजूद रहे।
