खटीमा। उत्तराखंड के खटीमा में रामलीला मंचन के दौरान एक गंभीर हादसा सामने आया है। कांजाबाग मार्ग स्थित प्राचीन श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में रामलीला के एक दृश्य के दौरान खर्दूषण की भूमिका निभा रहे 22 वर्षीय कलाकार अमित जोशी घायल हो गए। अभिनय करते समय उनके हाथ में मौजूद तलवार की नोक गर्दन में घुस गई, जिससे उनकी गर्दन और जीभ पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद रामलीला स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल कलाकार को उपचार के लिए आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक, उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।

युद्ध के दृश्य में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में कई वर्षों से रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। रामलीला में सूर्पणखा की नाक कटने के बाद खर्दूषण भगवान श्रीराम से युद्ध करने पहुंचता है। इसी प्रसंग के मंचन के दौरान अमित जोशी बाण लगने पर गिरने का अभिनय कर रहे थे। तभी उनके हाथ में मौजूद तलवार की नोक उनकी गर्दन में घुस गई। इस हादसे में उनकी गर्दन के साथ जीभ भी कट गई।
पहले दृश्य का हिस्सा समझते रहे दर्शक
हादसा अचानक होने के कारण शुरुआत में दर्शकों को लगा कि कलाकार रामलीला के दृश्य के मुताबिक अभिनय कर रहे हैं। लेकिन कुछ ही क्षणों में जब उनकी चोट की गंभीरता सामने आई, तो मंच पर मौजूद कलाकारों और दर्शकों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल अमित को तत्काल खटीमा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए आनंद हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।
चिकित्सकों की टीम ने किया उपचार
आनंद हॉस्पिटल में डॉ. कुलदीप सिंह और डॉ. अखिलेश गुप्ता सहित चिकित्सकों की टीम ने अमित जोशी का उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। हालांकि, चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें कई दिनों तक आराम करने की सलाह दी गई है।
हादसे के बावजूद जारी रहेगा रामलीला मंचन
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश जोशी ने बताया कि अमित जोशी अच्छा अभिनय करते हैं और मंचन के दौरान हुआ यह हादसा पूरी तरह अप्रत्याशित था। घटना के बाद कमेटी के सदस्य और आयोजन से जुड़े लोग चिंतित हो गए थे। उन्होंने बताया कि इस घटना के बावजूद रामलीला का मंचन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

