देहरा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरस स्थित एक पेपर मिल में कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में उत्तराखंड के एक कर्मचारी की मौत हो गई। मशीन में फंसने से गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मशीन में फंसा हाथ, नहीं बच सकी जान
पुलिस के अनुसार, हादसा शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे जस्सर पेपर मिल में हुआ। मृतक की पहचान 50 वर्षीय कीर्ति सिंह, निवासी जिला चमोली (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। वह फैक्ट्री में पेपर रोलिंग मशीन पर कार्यरत थे।
बताया जा रहा है कि काम के दौरान मशीन में कागज फंस गया था। उसे निकालने के प्रयास में जैसे ही उन्होंने मशीन के अंदर हाथ डाला, उनका हाथ मशीन में फंस गया और मशीन उन्हें अंदर की ओर खींचने लगी। घटना को देखकर अन्य कर्मचारियों ने तुरंत मशीन बंद की और उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
गंभीर रूप से घायल कीर्ति सिंह को तत्काल उपचार के लिए बीबीएमबी अस्पताल, तलबाड़ा ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में शोक का माहौल है और कर्मचारियों में भी दहशत व्याप्त है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी डाडासीबा राज कुमार, थाना संसारपुर टैरस प्रभारी संजय शर्मा और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नूरपुर से आई फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने फैक्ट्री का निरीक्षण करने के साथ-साथ कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पेपर रोलिंग मशीन में फंसा कागज निकालने के दौरान यह हादसा हुआ।
सुरक्षा मानकों की भी होगी जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह भी जांच की जा रही है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। फॉरेंसिक रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
