रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से तीन स्कूली छात्राएं अचानक लापता हो गई हैं। स्कूल की छुट्टी के बाद छात्राएं बिना किसी को बताए कहीं चली गईं, जिससे परिजनों में चिंता का माहौल बन गया।

मामले में राजा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली ट्रांजिट कैंप में शिकायत दर्ज कराई। उनकी 14 वर्षीय बेटी अपने दो सहेलियों के साथ 22 मई को सुबह स्कूल गई थी, जो ट्रांजिट कैंप स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा आठ की छात्राएं हैं। स्कूल की छुट्टी लगभग 11 बजे हुई, उसके बाद तीनों छात्राएं घर वापस नहीं लौटीं।
परिजनों ने बच्चों की खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस से मदद मांगी। लापता छात्राओं की उम्र क्रमशः 14, 13 और 11 वर्ष बताई गई है। वे स्कूल ड्रेस में थीं, जिसमें लाल और क्रीम रंग की चेक शर्ट और क्रीम पैंट शामिल है।
ट्रांजिट कैंप कोतवाली के उप निरीक्षक महेश कांडपाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संभावित स्थानों पर टीमों को भेजकर छात्राओं की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को इन छात्राओं के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत ट्रांजिट कैंप थाना को सूचित करें, ताकि बच्चियों को सुरक्षित बरामद किया जा सके।
