रुद्रपुर: धान के सीजन के बीच मंगलवार सुबह रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तीन पानी डैम के पास हुंडई नेक्सा शोरूम के सामने धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 45 वर्षीय रामकिशोर गंगवार सड़क पर गिर गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके ऊपर से गुजर गई। गंभीर रूप से घायल रामकिशोर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पीछे से आई ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, दूधिया नगर वार्ड नंबर 13, गली नंबर तीन निवासी रामकिशोर गंगवार पुत्र डालचंद गंगवार मंगलवार सुबह करीब 10:15 बजे बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तीन पानी डैम के पास हुंडई नेक्सा शोरूम के सामने पीछे से आ रही धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही रामकिशोर सड़क पर गिर गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके ऊपर से गुजर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल रामकिशोर को तत्काल मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
15-20 साल से मुंशी का काम कर रहे थे रामकिशोर
बताया गया है कि रामकिशोर गंगवार पिछले करीब 15 से 20 वर्षों से भगवती एंटरप्राइजेज में मुंशी के रूप में काम कर रहे थे। वह मूल रूप से मिलक, रामपुर के रहने वाले थे और लंबे समय से रुद्रपुर में रह रहे थे।
गल्ला मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गिग्गा ने हादसे की जानकारी दी। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
भाई ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक पर कार्रवाई की मांग की
मृतक के भाई ने हादसे के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को जिम्मेदार बताते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की भूमिका और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

