DSAT Scholarship Ad

रुद्रपुर: एलायंस कॉलोनी फ्लाईओवर पर स्कूटी सवार दो युवकों को स्कॉर्पियो से टक्कर मारने और बाद में मारपीट के आरोपों से जुड़े मामले में पुलिस और भाजपा संगठन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे सन्नी चुघ को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में नाम सामने आने के बाद भाजपा ने पारस चुघ को मंडल महामंत्री पद से हटा दिया और पार्टी से निष्कासित कर दिया है। दोनों सगे भाई हैं।

फ्लाईओवर पर टक्कर के बाद मारपीट का आरोप

घटना 7 अगस्त की रात एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर हुई थी। गांधी कॉलोनी वार्ड नंबर 27 निवासी अंकित ने 8 अगस्त को रुद्रपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के अनुसार, अंकित का भाई अभिषेक और उसकी बुआ का बेटा जतिन स्कूटी से काशीपुर रोड की ओर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ वाहन से नीचे उतरा और दोनों युवकों के साथ मारपीट की। शिकायत में जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और फोन कर अन्य लोगों को मौके पर बुलाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने बनाई टीम

शिकायत के आधार पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने 8 अगस्त को मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस के मुताबिक, टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 अगस्त को सन्नी चुघ (32), निवासी भूरारानी वार्ड नंबर 32, को गंगापुर रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

BJP Mandal General Secretary

पारस चुघ पर भाजपा की बड़ी कार्रवाई

मामले में भाजपा नेता पारस चुघ का नाम सामने आने के बाद पार्टी संगठन ने भी सख्त कदम उठाया है। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल के मुताबिक, संगठन स्तर पर मामले की समीक्षा के बाद कार्रवाई का फैसला लिया गया।

भाजपा जिला महामंत्री रमेश जोशी की ओर से 10 अगस्त को जारी पत्र में कहा गया कि प्रदेश नेतृत्व और भाजपा जिला उधम सिंह नगर के जिलाध्यक्ष के निर्देश पर शहीद भगत सिंह मंडल के मंडल महामंत्री पारस चुघ को उनके पद से पदमुक्त करते हुए पार्टी से निष्कासित किया जाता है।

पत्र के मुताबिक, यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।

पुलिस बोली- जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

प्रभारी सीओ अखिलेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई और कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। घटना से जुड़े सभी आरोपों, साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *