नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल शहर में पिछले करीब 10–11 दिनों से हो रही रहस्यमयी पत्थरबाजी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जिला पंचायत और अपर मॉल रोड क्षेत्र में हर रात घरों की छतों पर अचानक पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

Nainital Stone Pelting: Nainital Residents Panic as Mysterious Stone Pelting Continues

हर रात 8 बजे से शुरू होता है सिलसिला

स्थानीय लोगों के अनुसार, पत्थरबाजी का सिलसिला रोजाना रात करीब 8 बजे शुरू होता है और देर रात 12 से 1 बजे तक जारी रहता है। शुरुआत में लोगों ने इसे शरारती तत्वों की हरकत माना, लेकिन कई दिनों से लगातार हो रही घटनाओं के बाद मामला रहस्य बन गया है।

स्थानीय निवासी चंपा, सुरेश और निर्मल का कहना है कि पत्थरबाजी के कारण लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है। शाम ढलते ही लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जबकि महिलाएं भी भय के कारण घरों के भीतर रहने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों ने खुद भी की तलाश

घटना से परेशान स्थानीय लोगों ने आसपास के जंगलों और संभावित स्थानों पर खुद भी खोजबीन की, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध व्यक्ति सामने नहीं आया। स्थानीय निवासी सुरेश चंद भट्ट का कहना है कि जिला पंचायत परिसर और गेस्ट हाउस के ऊपर स्थित जंगल की ओर से आबादी वाले क्षेत्र में पत्थर फेंके जाने की आशंका है।

वहीं, एक अन्य निवासी निर्मल ने कहा कि लगातार हो रही पत्थरबाजी के कारण लोगों में दहशत का माहौल है और अब इस क्षेत्र में सामान्य जीवन जीना मुश्किल होता जा रहा है।

पुलिस ने चलाया कॉम्बिंग अभियान

शिकायत मिलने के बाद कोतवाली नैनीताल पुलिस ने लगातार दो रात जंगल क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान चलाया। हालांकि अब तक पुलिस को कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला है।

एसआई श्याम बोरा ने बताया कि शिकायत के आधार पर जंगल क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया है। फिलहाल किसी संदिग्ध की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए जंगल और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी और तलाशी अभियान लगातार जारी है।

सुरक्षा बढ़ाने की उठी मांग

लगातार हो रही रहस्यमयी पत्थरबाजी की घटनाओं से स्थानीय लोग दहशत में हैं। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर जल्द से जल्द दोषियों की पहचान करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक इस रहस्यमयी घटना का खुलासा नहीं होता, तब तक पूरे इलाके में भय का माहौल बना रहेगा। वहीं, पुलिस भी मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *