अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सेली गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक दामाद ने अपनी पत्नी और सास के साथ मिलकर अपने ही ससुर की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी दामाद अपनी पत्नी के साथ फरार हो गया, जबकि पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक चंद्रशेखर पांडे ने अप्रैल 2026 में अपनी बड़ी बेटी जानकी की शादी हरियाणा के हांसी निवासी धर्मवीर से की थी। शादी के कुछ समय बाद चंद्रशेखर अपने गांव सेली लौट आए थे और खेती-बाड़ी कर रहे थे। 20 जून को उनकी बेटी जानकी और दामाद धर्मवीर गांव पहुंचे।
आरोप है कि अगले दिन 21 जून को धर्मवीर ने अपनी पत्नी जानकी और सास खष्टी देवी के साथ मिलकर चंद्रशेखर पांडे पर अचानक हमला कर दिया। धारदार हथियार से उन पर एक दर्जन से ज्यादा वार किए गए। इस हमले में उनके हाथ-पैर की हड्डियां टूट गईं और सिर पर गंभीर चोट आई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। देर रात जब ग्रामीणों को घटना का पता चला, तो उन्होंने बंद कमरे में पड़े घायल चंद्रशेखर को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए हल्द्वानी रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के मुताबिक अत्यधिक खून बहने और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हुई।
मृतक के पिता नारायण दत्त पांडे की शिकायत पर दन्या थाने में दामाद धर्मवीर, बेटी जानकी और सास खष्टी देवी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी दिनेश नाथ महंत ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
