ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार कर दिया। आम बाग विस्थापित कॉलोनी में रविवार देर रात घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी मां पर तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली महिला के सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 32 वर्षीय सुमित गौड़ के रूप में हुई है। वह अपनी मां उषा देवी के साथ रहता था और लंबे समय से शराब की लत का शिकार बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, रविवार रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा। इस दौरान मां ने उसे शराब पीने को लेकर टोका, जिससे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आरोपी ने अवैध तमंचा निकालकर अपनी मां पर गोली चला दी। गोली सीधे उनके सिर में लगी और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को प्राथमिक सहायता के बाद एम्स ऋषिकेश भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी, गोली चलाने की वजह और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं का खुलासा किया जाएगा। मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।
