उधम सिंह नगर/किच्छा: किच्छा विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को पत्र भेजकर आरोप लगाया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन कई मामलों में पुलिस पीड़ितों की एफआईआर दर्ज करने तक से बच रही है। इससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं और आम जनता का पुलिस पर विश्वास कमजोर पड़ता जा रहा है।

May be an image of one or more people, people studying and hospital

विधायक बेहड़ ने कहा कि किसी भी अपराध की जांच का पहला आधार एफआईआर होती है। यदि शिकायत दर्ज ही नहीं की जाएगी तो अपराधियों तक पहुंचना और उन्हें कानून के दायरे में लाना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की लापरवाही के कारण पीड़ित न्याय के लिए भटकने को मजबूर हैं।

उन्होंने बताया कि रामेश्वरपुर, चकौनी, लालपुर समेत किच्छा क्षेत्र के कई गांवों और मोहल्लों में हाल के दिनों में चोरी की अनेक घटनाएं हुई हैं। बावजूद इसके कई मामलों में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और जिन मामलों में शिकायत दी गई, उनमें भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई या खुलासा नहीं हो सका। विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ पुलिस अधिकारी जनसरोकार से जुड़े मामलों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

एसएसपी को भेजे गए पत्र में उन्होंने सभी लंबित शिकायतों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कराने, निष्पक्ष जांच कराने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।

पत्र में विधायक ने 30 मई 2026 को ग्राम चकौनी में हुई चोरी की घटना का विशेष उल्लेख किया। उनके अनुसार, अज्ञात चोरों ने मुन्ना कुमार के बंद मकान का ताला तोड़कर करीब तीन तोला सोना, 1200 ग्राम चांदी, भारत कंपनी के दो भरे गैस सिलेंडर, 80 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। घटना की लिखित सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद भी न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई की गई।

इसके अलावा विधायक बेहड़ ने 27 जून को नई बस्ती गोटिया बंडिया निवासी जाकिर हुसैन के घर हुई चोरी की घटना का भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस वारदात में चोर घर से भारी मात्रा में जेवरात और 70 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर मामले के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

विधायक ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चोरी की घटनाओं पर जल्द प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया और पुलिस का यही रवैया जारी रहा तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी परिस्थिति की जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर निवर्तमान पालिका अध्यक्ष दर्शन कोली, राम बाबू, अख्तर रजा, सरवर हुसैन सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *