रुद्रपुर: नैनीताल हाईवे स्थित परशुराम चौक पर कट बंद होने के बाद उत्पन्न हुई यातायात और सुरक्षा संबंधी समस्याओं को देखते हुए नगर निगम ने राहत के कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। हाल ही में यहां हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद महापौर विकास शर्मा ने सोमवार को मौके का निरीक्षण कर पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने नगर निगम अधिकारियों, व्यापार मंडल एवं ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि फुट ओवरब्रिज के निर्माण तक अस्थायी व्यवस्था के रूप में पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित कट खोला जाएगा तथा सड़क के दोनों ओर जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएगी, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से परशुराम चौक का कट बंद कर दिया गया था। हालांकि, इस निर्णय के बाद स्थानीय व्यापारियों, स्कूली छात्रों, महिलाओं और बुजुर्गों को सड़क पार करने में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लोग मजबूरी में तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पार करने को विवश थे, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा था।

हाल ही में इसी क्षेत्र में एक महिला की जेसीबी की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर विकास शर्मा ने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कट को यू-शेप में विकसित किया जाए, जिससे केवल पैदल यात्री ही इसका उपयोग कर सकें और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहे।

महापौर ने बताया कि यह व्यवस्था फिलहाल अस्थायी समाधान के तौर पर लागू की जाएगी। वहीं स्थायी समाधान के लिए परशुराम चौक और सिंचाई विभाग कार्यालय के निकट फुट ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से वार्ता की जा चुकी है और परियोजना निदेशक को औपचारिक पत्र भी भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्र है, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना आवश्यक है।

महापौर ने विश्वास जताया कि फुट ओवरब्रिज के निर्माण के बाद स्कूली बच्चों, श्रमिकों, व्यापारियों, महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा दुर्घटनाओं की आशंका में भी कमी आएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि शहरवासियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।

निरीक्षण के दौरान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, देवभूमि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *