देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम को उत्तराखंड की जिम्मेदारी से हटा दिया है। उनकी जगह वरिष्ठ नेता और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव को नया प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। वहीं, अरविंद मेनन और दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

Uttarakhand:24 को दून आएंगे भाजपा प्रभारी दुष्यंत गौतम, लग सकती है  दायित्वों की सूची पर मुहर - Uttarakhand Bjp Incharge Dushyant Gautam Will  Come To Dehradun On 24 February For Mission 2024 -

करीब छह साल बाद बदली गई जिम्मेदारी

दुष्यंत कुमार गौतम को नवंबर 2020 में पहली बार उत्तराखंड भाजपा का प्रभारी बनाया गया था। उनके साथ रेखा वर्मा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई थी। बाद में गौतम को दोबारा प्रदेश प्रभारी बनाया गया और 2024 में भी उन्हें उत्तराखंड का प्रभार सौंपा गया।

गौतम के कार्यकाल के दौरान भाजपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव में लगातार दूसरी बार सरकार बनाई। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उत्तराखंड की सभी पांच लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की। इन चुनावी उपलब्धियों के बीच अब केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश संगठन में बदलाव किया है।

हल्द्वानी बैठक के बाद बढ़े थे कयास

हाल ही में हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति और कोर कमेटी की बैठकों में दुष्यंत गौतम की मौजूदगी के बाद उनके विधानसभा चुनाव तक उत्तराखंड प्रभारी बने रहने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हुई थीं। हालांकि, संगठन के भीतर उनकी भूमिका को लेकर अलग-अलग मत होने की खबरें भी सामने आती रही थीं।

अब केंद्रीय नेतृत्व के नए फैसले के बाद इन चर्चाओं पर विराम लग गया है। विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड में भाजपा की संगठनात्मक जिम्मेदारी नई टीम को सौंप दी गई है।

अब राम माधव संभालेंगे कमान

राम माधव को उत्तराखंड के साथ-साथ तमिलनाडु का भी प्रभारी बनाया गया है। वह इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं और अगस्त 2026 में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया था।

उत्तराखंड में उनके साथ अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज सह-प्रभारी के तौर पर काम करेंगे। पहली बार प्रदेश के लिए एक प्रभारी के साथ दो सह-प्रभारियों की नई व्यवस्था बनाई गई है।

2027 के चुनाव से पहले नई टीम के सामने बड़ी जिम्मेदारी

उत्तराखंड में अगले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा के इस संगठनात्मक बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई टीम के सामने प्रदेश संगठन, कार्यकर्ताओं और चुनावी तैयारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने की जिम्मेदारी होगी।

बांसुरी स्वराज की नियुक्ति भी चर्चा में है। वह दिल्ली से लोकसभा सांसद हैं। उनके साथ अरविंद मेनन को भी उत्तराखंड का सह-प्रभारी बनाया गया है।

भाजपा के इस बदलाव के साथ अब उत्तराखंड में राम माधव–अरविंद मेनन–बांसुरी स्वराज की नई प्रभारी टीम प्रदेश संगठन के साथ काम करेगी, जबकि दुष्यंत कुमार गौतम और रेखा वर्मा की उत्तराखंड से संगठनात्मक जिम्मेदारी समाप्त हो गई है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *