रुड़की: हरिद्वार जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलौर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी से जुड़े मामले में 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी के नाम पर संचालित छह बैंक खातों के जरिए आठ राज्यों में साइबर ठगी की रकम का लेनदेन किया जा रहा था। आरोपी लोगों को लॉटरी और बड़े इनाम का लालच देकर ठगी के जाल में फंसाता था।

पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी से जुड़े एक बैंक खाते की जानकारी प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से मिली थी। जांच में सामने आया कि इस खाते के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलौर कोतवाली में धारा 318(4) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने बैंक खाते और उसके खाताधारक से जुड़ी जानकारियां जुटाकर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान आकाश कुमार पुत्र वीरेंद्र, निवासी गोपालपुर, उम्र 23 वर्ष की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम तथ्य उजागर हुए। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी के नाम पर छह बैंक खाते संचालित हो रहे थे। इन खातों से गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज मिली हैं।
लॉटरी और इनाम का लालच देकर बनाता था शिकार
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों से फोन और अन्य माध्यमों से संपर्क करता था। इस दौरान उन्हें लॉटरी निकलने या बड़ा इनाम जीतने का झांसा दिया जाता था। इनाम मिलने की उम्मीद में लोग आरोपी के बताए खातों में पैसे भेज देते थे। इसके बाद ठगी से प्राप्त रकम को एटीएम के जरिए निकालकर अन्य लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था। इस तरह अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से रकम को आगे पहुंचाया जाता था।
छह बैंक पासबुक और छह एटीएम कार्ड बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छह बैंक पासबुक, छह एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अब संबंधित बैंक खातों में हुए लेनदेन की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा ठगी की रकम किन खातों में पहुंचाई गई।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि मंगलौर पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
– नवनीत सिंह, एसएसपी हरिद्वार

