DSAT Scholarship Ad

एफएनएन, लखीमपुर खीरी: शहर में मिश्राना पुलिस चौकी के पास हुए बहुचर्चित बीबीए छात्र देव सेठ हत्याकांड को पखवाड़ा बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक मुख्य आरोपी और दो साथियों को ही गिरफ्तार कर सकी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजन सोमवार को डीएम से मिले।

परिजनों ने सदर कोतवाली पुलिस पर हत्या में शामिल अन्य आरोपियों को संरक्षण देने और उनकी गिरफ्तारी न करने सहित गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने डीएम से सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। डीएम ने परिवार वालों को जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।

शहर के मोहल्ला सेठ कॉलोनी अर्जुनपुरवा निवासी भरत सेठ के इकलौते पुत्र देव सेठ (19) को 10 मार्च की शाम मिश्राना पुलिस चौकी के पास कई हमलावरों ने घेर लिया था और उसे दौड़ाकर उस समय गोली मार दी थी, जब वह जान बचाने के लिए पास की एक कॉपी-किताब की दुकान में घुसा था। गोली लगने से देव सेठ की मौके पर ही मौत हो गई थी। हमलावरों की गोली से दुकान का एक कर्मचारी भी घायल हुआ था। गोली कर्मचारी के एक हाथ में लगी थी।

पुलिस ने इस मामले में अनमोल पुरी बाला को नामजद कर कई अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। तीसरे दिन पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी, थाना पधुआ के गांव दरेरी निवासी अनमोल पुरी उर्फ बाला, सरस्वती देवी कॉलोनी निवासी शांतनु अवस्थी और थाना मितौली के गांव कैमीभूड़ निवासी उत्कर्ष सिंह को गिरफ्तार कर चालान भेजा था।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कई अन्य हमलावरों की पहचान की थी और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने का दावा किया था, लेकिन पखवाड़ा बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक फरार किसी भी हमलावर को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

इससे नाराज मृतक देव सेठ के परिजन सोमवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल से मिले और शेष बचे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने डीएम को बताया कि हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से उन्हें और उनके परिवार को जान का खतरा है।

पुलिस उन्हें सिर्फ झूठे आश्वासन दे रही है, लेकिन गिरफ्तारी करने में कोई रुचि नहीं ले रही है। डीएम ने परिवार वालों को आश्वासन दिया कि घटना में शामिल और अब तक फरार सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *