नैनीताल/हल्द्वानी। डॉक्टर बनने का सपना लेकर मध्य प्रदेश से हल्द्वानी आई 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव उसके पीजी के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले में कमरे से मिली डायरी में लिखी एक रहस्यमयी पंक्ति ने पुलिस जांच को नया मोड़ दे दिया है।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के शिवपुरी जनपद की रहने वाली छात्रा बीती 30 मई को नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी के लिए हल्द्वानी आई थी। उसने मुखानी क्षेत्र स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में प्रवेश लिया था और खाटू श्याम मंदिर के समीप स्थित संस्थान से संबद्ध पीजी में रह रही थी। फिलहाल वह डेमो कक्षाओं में भाग ले रही थी, जबकि नियमित कक्षाएं 29 जून से शुरू होनी थीं।

बताया जा रहा है कि छात्रा का बड़ा भाई भी इसी संस्थान से तैयारी कर नीट परीक्षा में सफल हुआ था और वर्तमान में भोपाल स्थित एम्स में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। भाई की सफलता से प्रेरित होकर परिजनों ने छात्रा को भी डॉक्टर बनने के सपने के साथ हल्द्वानी भेजा था।

मंगलवार देर रात मामले ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब एक अज्ञात युवक ने छात्रा की सहेली को फोन कर बताया कि वह छात्रा से संपर्क करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन उसका फोन रिसीव नहीं हो रहा है। इसके बाद सहेली ने अन्य परिचितों और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग पीजी पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खोलने पर छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। उसे तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन कमरे से बरामद डायरी में लिखी कुछ बातें जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई हैं। पुलिस प्रेम-प्रसंग, व्यक्तिगत विवाद और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया गया है। उसकी कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और गूगल सर्च हिस्ट्री की जांच की जा रही है। साथ ही उस युवक की पहचान और तलाश भी की जा रही है, जिसने घटना से पहले छात्रा की सहेली को फोन किया था।

पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है। छात्रा की मां और भाई हल्द्वानी पहुंच चुके हैं। परिजनों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल इस घटना से छात्रा के परिवार में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *