दून मेडिकल कॉलेज की मेस में बुधवार रात परोसी गई सफेद मटर की सब्जी में कीड़े मिलने से छात्रों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद छात्रों ने मेस प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, डिनर के दौरान कुछ छात्रों ने सब्जी में काले रंग के कीड़े देखे। शुरुआत में इन्हें कई छात्रों ने जीरा समझकर खा लिया। घटना के बाद करीब 20 छात्रों को हल्की उल्टियां हुईं, हालांकि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई।
स्थिति बिगड़ने पर छात्रों ने मेस में हंगामा किया। मेस संचालक ने तुरंत नई सब्जी तैयार कराई, जिससे माहौल कुछ हद तक सामान्य हुआ। इसके बाद शुक्रवार को छात्रों को नाश्ते के समय मेस में खाना ही नहीं मिला। मेस का गेट बंद मिलने पर छात्रों को बाहर जाकर भोजन करना पड़ा, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया।
कॉलेज प्रशासन से संपर्क करने पर प्राचार्य डॉ. गीता जैन का फोन बंद मिलने के कारण कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। वहीं, चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। विभाग के निदेशक डॉ. अजय आर्य ने कहा कि इस तरह की लापरवाही छात्रों की सेहत के लिए खतरनाक है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद कॉलेज की मेस व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। छात्रों ने मेस की गुणवत्ता सुधारने और नियमित जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
