हरिद्वार/नई दिल्ली। दिल्ली में दर्ज दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को दिल्ली पुलिस ने उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले दो महीने से पुलिस की गिरफ्त से बचता फिर रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हरिद्वार के भगवानपुर क्षेत्र में छापेमारी कर उसे दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की उम्र 26 वर्ष है और वह उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके का निवासी है। उसके खिलाफ एक युवती की शिकायत पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, पीछा करने और आपराधिक धमकी देने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय पीड़िता ने 4 अप्रैल को वेलकम थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि वर्ष 2023 में आरोपी ने उसे पिस्तौल दिखाकर धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने घटना का वीडियो भी बना लिया था और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक ब्लैकमेल करता रहा।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी लगातार पीड़िता का मानसिक और शारीरिक शोषण करता रहा। इतना ही नहीं, वह उसका पीछा करता था और विरोध करने पर उसे तथा उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां देता था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता की उम्र से जुड़े दस्तावेजों की जांच की, जिसमें घटना के समय उसके नाबालिग होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं, जिससे केस और अधिक गंभीर हो गया।
