किच्छा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य नितिन चरन वाल्मीकि द्वारा सफाई कर्मचारियों के कल्याण एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीठ थपथपाते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं।

सदस्य बनने के उपरांत नितिन चरन वाल्मीकि ने प्रदेश के विभिन्न नगर निगमों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में पहुंचकर सफाई कर्मचारियों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें आयोजित कीं। इन बैठकों में उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा अधिकारियों को कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कर्मचारियों को समय पर वेतन, ईपीएफ, ईएसआई तथा अन्य सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
सफाई कर्मचारियों के हितों के प्रति उनकी सक्रियता और समर्पण से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनकी पीठ थपथपाते हुए उन्हें आशीर्वाद स्वरूप बधाई दी तथा दोगुनी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में आज खटीमा स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नितिन चरन वाल्मीकि ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के साथ पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश के सफाई कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, उनकी समस्याओं एवं उनके समाधान के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
नितिन चरन वाल्मीकि ने कहा कि राज्य सफाई कर्मचारी आयोग प्रदेश के सफाई कर्मचारियों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन एवं सहयोग से प्रदेश के सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु लगातार प्रयास किए जाएंगे और उनकी जायज मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए स्नेह, आशीर्वाद एवं प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें कर्मचारियों के हित में और अधिक मेहनत एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
