सितारगंज। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने नगर पालिका परिषद सितारगंज क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में प्रस्तावित विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस दौरान नगर पालिका परिषद के अंतर्गत कुल 52 विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई। इनमें सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण, जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नालियों का निर्माण, टाइल्स मार्ग सहित विभिन्न बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी और आवागमन के साथ-साथ जनसुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र और प्रत्येक वार्ड तक विकास की मुख्यधारा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसी दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से सितारगंज क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद सितारगंज के अध्यक्ष सुखदेव सिंह, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं क्षेत्र की जनता का सहयोग और विश्वास बनाए रखने के लिए आभार व्यक्त किया।

