किच्छा। सितारगंज रोड पर पिपलिया मोड़ के पास सोमवार तड़के नीलगाय को बचाने के प्रयास में नेपाल के श्रद्धालुओं से भरी टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन सवार 12 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि नीलगाय की मौत हो गई। पुलिस ने सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उपचार के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी गई।

हरिद्वार जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर रविवार को नेपाल से श्रद्धालुओं को लेकर रुपैडिहा से हरिद्वार के लिए रवाना हुई थी। वाहन में 18 लोग सवार थे, जो सभी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
सोमवार तड़के करीब ढाई बजे वाहन पिपलिया मोड़ के पास पहुंचा। इसी दौरान अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन को मोड़ दिया, जिससे टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
वाहन के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलभट्टा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
उपचार के बाद सभी घायल श्रद्धालुओं को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घायलों में शिव कुमारी, वाणी राणा, गीता चौहान, टीका कुमार, प्रकाश खादरा और कुशल थापा समेत 12 लोग शामिल हैं।
हादसे में सड़क पर आई नीलगाय की मौत हो गई। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच की।
