नई दिल्ली: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वरिष्ठ नेता कुँवर आसिम ख़ान को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपते हुए उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण पर भरोसा जताया है।

कुँवर आसिम ख़ान का राजनीतिक सफर लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान के मार्गदर्शन में शुरू हुआ था। तब से लेकर अब तक उन्होंने पार्टी संगठन को जमीनी स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाई है।

पार्टी में उनकी संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए समय-समय पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उन्होंने राष्ट्रीय छात्र विंग अध्यक्ष, राष्ट्रीय युवा मोर्चा अध्यक्ष और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे अहम पदों पर कार्य करते हुए संगठन के विस्तार और जनाधार बढ़ाने में योगदान दिया।

पार्टी नेतृत्व का मानना है कि आसिम ख़ान ने हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाया है। संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और वर्षों की मेहनत को देखते हुए उन्हें अब राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी दी गई है।

कुँवर आसिम ख़ान की नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक कौशल से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को राष्ट्रीय राजनीति में और अधिक मजबूती मिलेगी तथा पार्टी का विस्तार नए आयाम हासिल करेगा।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *