देहरादून। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड में भी आजादी का पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण किया। अपने संबोधन में सीएम धामी ने युवाओं, रोजगार, खेल, सैनिक परिवारों और सीमांत क्षेत्रों को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं।

1200-675-27400157-thumbnail-16x9-pic-aspera (1)

पहली बार बनेगा युवा आयोग

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में पहली बार युवा आयोग गठित करने का ऐलान किया। इसका उद्देश्य युवाओं को नीति निर्माण में भागीदारी देने और उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

11वीं-12वीं के छात्रों को ऑनलाइन कोचिंग

सरकारी स्कूलों के कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ शुरू की जाएगी। इसके तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। योजना के लिए 7 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

युवाओं को मिलेगा कौशल और उद्यमिता का सहारा

18 से 30 वर्ष के युवाओं के कौशल विकास के लिए बड़े संस्थानों के साथ मिलकर काम किया जाएगा। अपना कारोबार शुरू करने वाले युवाओं के बैंक ऋण में से 30 प्रतिशत राशि राज्य सरकार वहन करेगी।

8 शहरों में खुलेंगी 23 खेल अकादमियां

खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए राज्य में पहली बार स्पोर्ट्स प्लान तैयार किया जाएगा। इसके तहत 8 शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित करने की योजना है।

शहीद परिवारों के लिए भी बड़ी सौगात

सीमा पर शहीद होने वाले जवानों के परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। वहीं परमवीर चक्र विजेताओं के परिजनों के लिए यह राशि 50 लाख से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये कर दी गई है। शहीद के एक परिजन को सरकारी नौकरी देने की भी घोषणा की गई।

पूर्व सैनिकों को जमीन खरीद में राहत

पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों को 25 लाख रुपये तक की जमीन खरीद पर 25 प्रतिशत स्टांप शुल्क में छूट मिलेगी। इसके अलावा चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने गढ़वाल और कुमाऊं में एक-एक स्पिरिचुअल जोन विकसित करने और प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये करने समेत कई अन्य घोषणाएं भी कीं।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *