रुद्रपुर: भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ और उनके भाई की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को रुद्रपुर में वाल्मीकि समाज ने जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह नगर निगम परिसर से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन कुछ ही घंटों में कोतवाली और फिर रामपुर हाईवे तक पहुंच गया। करीब छह घंटे तक शहर में तनाव की स्थिति बनी रही। हाईवे पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया।

वाल्मीकि समाज के लोगों की मांग थी कि पारस चुघ, उनके भाई सन्नी और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में तत्काल गिरफ्तारी की जाए। प्रदर्शनकारी सुबह करीब 11 बजे नगर निगम परिसर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। धीरे-धीरे प्रदर्शन में लोगों की संख्या बढ़ती गई।

कांग्रेस कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में हुए शामिल

वाल्मीकि समाज के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। नगर निगम परिसर में मेयर विकास शर्मा और पूर्व मेयर रामपाल ने भी प्रदर्शन में शामिल होकर समर्थन जताया।

दोपहर करीब एक बजे प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम से जुलूस निकाला और कोतवाली पहुंचकर सीओ कार्यालय के सामने धरना शुरू कर दिया। पुलिस ने कोतवाली के गेट पर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई।

रामपुर हाईवे पर लगाया जाम

कोतवाली से निकलने के बाद प्रदर्शनकारी दोपहर करीब ढाई बजे रामपुर हाईवे पर पहुंच गए। यहां सड़क पर बैठकर करीब 15 मिनट तक नारेबाजी और प्रदर्शन किया गया। हाईवे जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया। पुलिस की सख्ती के बाद प्रदर्शनकारी हाईवे से हटे और यातायात दोबारा सुचारू हो सका।

क्या है पूरा विवाद?

मामला शुक्रवार रात का बताया जा रहा है। गांधी कॉलोनी निवासी अभिषेक वाल्मीकि अपने दोस्त जतिन के साथ स्कूटी से जा रहा था। आरोप है कि फ्लाईओवर के पास एक स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों पर दोनों युवकों से मारपीट करने का आरोप लगाया गया।

आरोप है कि कुछ देर बाद भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ भी मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई। घटना के बाद पुलिस को तहरीर दी गई, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस बोली- सीसीटीवी में मारपीट की पुष्टि नहीं

मामले में पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई है।

एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है, जबकि वाल्मीकि समाज ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *