रुद्रपुर: काशीपुर फ्लाईओवर के पास स्कूटी सवार दो युवकों पर रॉड से हमला करने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से वाल्मीकि समाज में नाराजगी बढ़ गई है। सोमवार को रुद्रपुर के साथ दिल्ली और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में समाज के लोग नगर निगम परिसर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

भाजपा नेता समेत कई लोगों पर दर्ज है मुकदमा
मामला गांधी कॉलोनी निवासी अभिषेक वाल्मीकि और उसके दोस्त जतिन पर हुए हमले से जुड़ा है। पुलिस ने मामले में भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ, उनके भाई सन्नी सहित करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
शिकायत के मुताबिक, पुरानी रंजिश के चलते काशीपुर फ्लाईओवर के पास दोनों युवकों की स्कूटी को टक्कर मारी गई। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर दोनों पर रॉड से हमला कर दिया। घटना में अभिषेक और जतिन घायल हुए थे।
गिरफ्तारी नहीं होने पर जताई नाराजगी
धरने पर बैठे समाज के लोगों ने कहा कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे समाज में आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए समाज एकजुट है और पुलिस को मामले में जल्द ठोस कदम उठाना चाहिए।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर धरना-प्रदर्शन का दायरा बढ़ाया जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
